भीलवाड़ा , मई 02 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के कारोई थाना क्षेत्र में पुलिस स्टेशन में तैनात एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ने शुक्रवार रात पुलिस थाने में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि थाना परिसर स्थित मेस में सुबह सहायक उप निरीक्षक विष्णु राजपूत का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी महावीर ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद भीलवाड़ा से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
सूत्रों ने बताया कि प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए जांच फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) दल को भी मौके पर बुलवाया है। बताया जा रहा है कि एएसआई विष्णु राजपूत को शुक्रवार रात 12 बजे तक थाने में सक्रिय देखा गया था, लेकिन उसके बाद किसी समय उन्होंने मेस में जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
सूत्रों ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है ताकि इस दुखद घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित