भरतपुर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में डीग जिले के कामां थाने में पदस्थ रहे सहायक उप निरीक्षक के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में मामला दर्ज किया गया है।
एसीबी सूत्रों ने रविवार को बताया कि वर्तमान में डीग जिले के कुम्हेर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक जय सिंह पर कामां थाने में साइबर अपराध से जुड़े मामले में रिश्वत लेने का आरोप है। इस मामले में शिकायत के सत्यापन के बाद मामला दर्ज करने के आदेश जारी किये गए हैं।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोबिंद गुप्ता के निर्देश पर धौलपुर में जीरो नंबर की प्राथमिकी दर्ज करके ब्यूरो के भरतपुर में तैनात पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। मामले में तत्कालीन थानाधिकारी भरत सिंह की संदिग्ध भूमिका की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित