पटना , जुलाई 22 -- िहार पुलिस रेडियो (वितंतु) में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) के 462 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की गई। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के स्तर से बुधवार को राज्य के 11 जिलों में 189 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा एक पाली में आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण औऱ कदाचार मुक्त तरीके से परीक्षा संपन्न हो गई। सिर्फ छपरा के राजेंद्र कॉलेजियट स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र से एक अभ्यर्थी को एक ब्ल्यूटुथ उपकरण के साथ गिरफ्तार किया गया।

आयोग की तरफ से आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी किरण कुमार ने इससे संबंधित प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरी जानकारी दी है। इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 45 फीसदी रही।

आयोग के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस, हॉट लाइन, प्रवेश गेट पर अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, बॉयोमेट्रिक फिंगरप्रिंट समेत अन्य जरूरी व्यवस्था कराई गई थी। हर तरह के कदाचार को रोकने के लिए आयोग ने तमाम जरूरी आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित