जबलपुर , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने आज सोमवार को जबलपुर जिले के कटंगी में तीन एचपी के स्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता और लाइनमैन को रंगे हाथों पकड़ा।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जमुनिया, तहसील कटंगी निवासी मुकेश कुमार यादव को अपनी कृषि भूमि में मोटर चलाने के लिए तीन एचपी का स्थायी बिजली कनेक्शन चाहिए था। इसके लिए उन्होंने कटंगी स्थित विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय में आवेदन किया था।

आरोप है कि कार्यालय में पदस्थ सहायक अभियंता मनोज कुमार दुबे (61) और लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला (60) ने विद्युत कनेक्शन के एवज में आवेदक से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में की। शिकायत के सत्यापन के दौरान दोनों आरोपी 12 हजार रुपये रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गए।

लोकायुक्त की टीम ने आज योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए कटंगी स्थित विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय में दोनों आरोपियों को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)बी, 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ट्रेप दल में उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, ट्रेप लीडिंग अधिकारी निरीक्षक शशि कला मुस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय अथवा दूरभाष के माध्यम से की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित