अलवर , सितम्बर 22 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति में सहायक अभियंता को 25 हजार और कनिष्ठ अभियंता को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो को शिकायत की कि उसकी फर्म ने राजीव गांधी सेवा केंद्र ईटोला में मरम्मत का कार्य कराया था, जिसके करीब दो लाख 52 हजार रुपये के भुगतान का बिल पास करने की एवज में पंचायत समिति कठूमर का सहायक अभियंता शिवराम ने 40 हजार रुपये और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान ने 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

सूत्रों ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के दौरान शिवराम ने 10 हजार ले लिये और 25 हजार रुपये बाद में देने पर सहमति जता दी। इसी तरह मिन्ना खान ने भी कुल 15 हजार रुपये में से पांच हजार रुपये सत्यापन के दौरान ले लिये शेष 10 हजार रुपये बाद में देने पर सहमति जताई।

सूत्रों ने बताया इसके बाद ब्यूरो की भिवाड़ी चौकी के प्रभारी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर शिवराम को 25 हजार रुपये और मिन्ना खान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित