देहरादून , अगस्त 23 -- उत्तराखंड के देहरादून स्थित विश्व प्रसिद्ध सहस्त्रधारा में रविवार सुबह स्नान के दौरान एक व्यक्ति डूब गया। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने तलाशी अभियान में घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर डूबे हुए व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक दिल्ली का रहने वाला है।

एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आज प्रातः नगर नियंत्रण केंद्र और आपदा नियंत्रण केंद्र से सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक व्यक्ति के पानी में बहने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम सहस्त्रधारा, एडिशनल एसआई मनोज जोशी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पहुंची। जहां जानकारी मिली कि एक व्यक्ति सहस्त्रधारा में स्नान के दौरान पानी के तेज बहाव में डूब गया था। रेस्क्यू टीम ने परिजनों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग अभियान शुरू किया।

श्री यदुवंशी ने बताया कि लगातार सर्चिंग के बाद एसडीआरएफ जवानों ने उक्त व्यक्ति का शव सहस्त्रधारा झरने से लगभग 02 किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास बरामद कर लिया। शव को बरामद करने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान नत्थू राम, आयु लगभग 50 वर्ष, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित