सहरसा , मई 14 -- सहरसा जिला साइकिलिंग संघ के तत्वावधान में आगामी एक से तीन जून 2026 तक जिला साइकिलिंग चैंपियनशिप का आयोजन सहरसा स्टेडियम में किया जाएगा। जिला साइकिलिंग संघ के सचिव दर्शन कुमार गुड्डू ने बताया कि तीन जून को विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न प्रकार की साइकिलिंग स्पर्धाएं कराई जाएंगी। इसमें महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा तथा उन्हें पारितोषिक से सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए निबंधन अनिवार्य होगा, हालांकि इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। निबंधन की अंतिम तिथि 28 मई 2026 निर्धारित की गई है।
संघ के अध्यक्ष डॉ. जयंत आशीष ने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और यह जीवनशैली को बेहतर बनाने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप साइकिलिंग को अपनाकर न केवल स्वास्थ्य सुधारा जा सकता है, बल्कि डीजल-पेट्रोल की भी बचत की जा सकती है। इसी उद्देश्य से संघ द्वारा विभिन्न आयोजनों के माध्यम से साइकिलिंग को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, संघ के संरक्षक रौशन सिंह धोनी ने कहा कि साइकिलिंग के लिए किसी लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती है और यह एक ओलंपिक खेल है। उन्होंने कहा कि इस खेल के माध्यम से बच्चे ओलंपिक तक का सफर तय कर सकते हैं। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सुधार और ईंधन बचत में भी सहायक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित