पटना , मई 18 -- ्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों की समस्या समाधान के लिए लगने वाले सहयोग शिविर का आगाज 19 मई से होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के बाद पहली बार इसकी शुरुआत 19 मई से हो रही है। शिविर में अलग-अलग विभागों के नोडल पदाधिकारी प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करेंगे और त्वरित निदान देंगे। जन शिकायतों के निपटारे में यदि किसी तरह की अड़चन आती है, तो पदाधिकारी आवेदक को समस्या समाधान करने के लिए लिखित में अगली तिथि का निर्धारण करते हुए समुचित सूचना देंगे।

इस पहल के तहत जन शिकायतों के निस्तारण में ग्राम पंचायतों में पहले से चल रहे सोमवार एवं शुक्रवार के कार्यक्रम से इतर प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत सरकार भवन या उसके निकट किसी सार्वजनिक स्थल पर सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में अलग-अलग विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

ग्राम पंचायतों में शिविर की संख्या क्रमवार निर्धारित करने की जिम्मेदारी जिला पदाधिकारी को दी गई है। शिविर में फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों को पीने का पानी, शौचालय, ससम्मान बैठने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सहयोग शिविर से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए लोग सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक हेल्पलाइन नंबर 1100 पर फोन कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित