पटना, मई 11 -- बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने सोमवार को कहा कि "सहयोग शिविर" आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी व्यवस्था सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को "सहयोग पोर्टल" एवं "सहयोग हेल्पलाइन नंबर-1100" का लोकार्पण किया। इससे सात निश्चय-3 के अधीन "सबका सम्मान, जीवन आसान" निश्चय के अंतर्गत जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा सकेगा। इस मौके पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों की शिकायतों के पारदर्शी, संवेदनशील एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक आयोजित होने वाले "सहयोग शिविर" ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान का सुलभ मंच प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करेगी। सहकारिता विभाग भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
श्री यादव ने कहा कि आम नागरिक अब सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन परिवाद दर्ज कर सकेंगे। साथ ही, सहयोग हेल्पलाइन नंबर-1100 पर सुबह 8 बजे से शाम आठ बजे तक संपर्क कर सहयोग शिविर एवं शिकायत निवारण से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था 19 मई 2026 से लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार "सहयोग शिविर" आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, प्राप्त शिकायतों की सहयोग पोर्टल के द्वारा निष्पादन की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित