कोंडागांव , जून 16 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में स्थित थाना धनोरा क्षेत्र के ग्राम चेरबेड़ा में पुलिस विभाग द्वारा मंगलवार को "सहयोग चौपाल" का आयोजन कर ग्रामीणों और ईसाई समुदाय के बीच उत्पन्न विवाद का समाधान कराया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) केशकाल अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में आयोजित सहयोग चौपाल में दोनों पक्षों के बीच चर्चा कर मध्यस्थता की गई।

बैठक में ग्रामीणों ने गांव के चर्च में प्रार्थना के लिए अन्य गांवों से लोगों के आने पर आपत्ति जताई थी। इस पर ईसाई धर्म को मानने वाले लोगों ने ग्रामीणों की बात से सहमति जताते हुए अपने-अपने गांवों में ही प्रार्थना करने तथा दूसरे गांवों से लोगों को प्रार्थना के लिए नहीं बुलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित