अलवर , मई 11 -- राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे सहजपुर गांव में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
रामगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के सहजपुर गांव में पंचायत समिति सदस्य हरीश कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने सहजपुर बस स्टैंड पर अलवर-भरतपुर राजमार्ग अवरुद्ध करके धरना-प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सड़क पर बैठकर जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग की।
राजमार्ग रोकने की सूचना मिलते ही जलदाय विभाग के रामगढ़ सहायक अभियंता सियाराम गुर्जर और बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य हरीश कुमार और सियाराम गुर्जर के बीच पानी की समस्या को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। पंचायत समिति सदस्य हरीश कुमार ने बताया कि सहजपुर गांव लंबे समय से गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहा है। भीषण गर्मी में महिलाओं को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। गांव में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
धरना और राजमार्ग जाम के कारण अलवर-भरतपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक दल ने ग्रामीणों को समझाकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और रास्ता खोला गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित