पटना , मई 26 -- बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने मंगलवार को कहा कि सहकार से समृद्धि को साकार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रयास कर रही है,जिसका परिणाम है कि सहकारिता अब केवल विभाग नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत का मजबूत आधार बन चुका है। सहकारिता मंत्री श्री यादव ने आज डीएनएस, क्षेत्रीय प्रबंध संस्थान, पटना में आयोजित सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के तीन दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। गांव में रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सहकारी संस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

श्री यादव ने कहा कि राज्य में करीब 1.73 करोड़ किसान पैक्स से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसानों तक योजनाओं की सही जानकारी और प्रशिक्षण मिले तो गांव आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बन सकेंगे। इसी उद्देश्य से यह मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिससे मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षित होकर गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचा सकें।

श्री यादव ने बताया कि सरकार द्वारा कॉमन सर्विस सेंटर, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, किसान समृद्धि केंद्र, डोर स्टेप बैंकिंग, सफल सहायता योजना और गोदाम निर्माण योजना जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की विशेष जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित