चंडीगढ़ , जुलाई 16 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बरनाला जिले के तपा स्थित सहकारी समिति में तैनात इंस्पेक्टर हर्ष बंसल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि यह कार्रवाई तपा सहकारी समिति के सेवानिवृत्त सचिव जंग सिंह की शिकायत के आधार पर की गयी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। इंस्पेक्टर हर्ष बंसल ने कथित तौर पर सेवानिवृत्ति के लंबित बकाया जारी कराने और विभागीय जांच को उसके पक्ष में निपटाने के बदले एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 50 हजार रुपये में तय हुआ।

शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गयी।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस थाना पटियाला में मामला दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस ब्यूरो मामले की आगे की जांच कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित