सहारनपुर , अगस्त 14 -- सहकारिता विभाग के सहायक रजिस्ट्रार रजनीश प्रताप सिंह ने कहा है कि सहारनपुर में एक-दो दिन के भीतर सहकारी मॉडल पर आधारित 'सहकारी भारत टैक्सी सेवा' शुरू की जाएगी। यह सेवा निजी कैब कंपनियों ओला और उबर की तर्ज पर संचालित होगी तथा यात्रियों को अपेक्षाकृत कम किराये पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने शुक्रवार को बताया कि इस सेवा का लाभ सीधे वाहन चालकों और सहकारी समिति के सदस्यों को मिलेगा। सेवा के तहत प्राप्त भुगतान चालक को मिलेगा, जबकि उससे होने वाला लाभ सहकारी समिति के सदस्यों के हित में उपयोग किया जाएगा। इस सेवा का शुभारंभ छह अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम स्थगित हो गया। अब 15 अगस्त के बाद किसी भी दिन इसका औपचारिक संचालन शुरू किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सहकारी मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी सेवा का संचालन पहले से केरल, गुजरात और दिल्ली सहित कई स्थानों पर किया जा रहा है। वहां मिले सकारात्मक अनुभवों को देखते हुए सहारनपुर में भी इस योजना को लागू करने का निर्णय लिया गया है।

सहायक रजिस्ट्रार के अनुसार इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय वाहन चालकों और सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को एक नया और किफायती विकल्प मिलेगा तथा सहकारिता क्षेत्र को भी इससे मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित