मुरैना , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के मुरैना स्थित व्यवसायिक एवं सहकारी बैंक लिमिटेड में आज मंगलवार को आयकर विभाग की टीम ने पहुंचकर बैंक द्वारा वित्तीय वर्ष में भेजे गए डाटा का क्रॉस चेक किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर से आयी आयकर विभाग की सात सदस्यीय टीम के अचानक बैंक पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई, वहीं मौजूद ग्राहकों में भी चर्चा का माहौल रहा। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली गई।
बैंक के महाप्रबंधक अर्जुन सिंह परिहार ने बताया कि उनके कार्यकाल में यह पहला अवसर है जब आयकर विभाग की टीम बैंक द्वारा भेजे गए वित्तीय डाटा का इस प्रकार सत्यापन करने पहुंची है।
उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी है कि पिछले तीन वर्षों से इस प्रकार डाटा क्रॉस चेक करने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि आयकर विभाग की टीम का इस तरह अचानक बैंक पहुंचना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित