पटना , सितंबर 29 -- बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने सहकारी बैंकों को अधिक से अधिक पैक्सों से जोड़ने, तकनीकी एवं डिजिटल रूप से सक्षम बनाने तथा ऋण वसूली में तेजी लाकर एनपीए को शून्य पर लाने का निर्देश दिया है। मंत्री श्री यादव ने आज दी पाटलिपुत्र सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, पटना की वार्षिक आम सभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया ।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए इन्हें बेहतर वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक के साथ कुशल सेवाप्रदाता के रूप में विकसित करना आवश्यक है।
श्री यादव ने कहा कि सहकारी बैंकों की पहुंच को अधिक से अधिक पैक्सों तक विस्तारित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों एवं आम लोगों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके। उन्होंने सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सशक्त सहकारिता ग्रामीण विकास की गति को बढ़ाने के साथ वर्ष 2047 तक विकसित बिहार की संकल्पना को बल प्रदान करेगी।
श्री यादव ने सहकारी बैंकों को समय की मांग के अनुरूप तकनीकी रूप से सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं में डिजिटलीकरण को तेजी से बढ़ाया जाए और आधुनिक तकनीक के माध्यम से ग्राहकों को सरल, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता के साथ सहकारी बैंकों को अपनी कार्यप्रणाली में और सुधार करते हुए एक प्रभावी एवं भरोसेमंद सेवाप्रदाता के रूप में विकसित होना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित