पटना , जून 22 -- बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा सोमवार को कहा कि सहकारिता क्षेत्र को बहुआयामी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
श्री यादव ने कहा कि प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों में एम-पैक्स के प्रावधान जोड़े जाने से किसानों को एक ही मंच पर ऋण, कृषि निवेश, विपणन एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि राज्य की प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों (पीवीसीएस) को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस संबंध में सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर राज्य की सभी पीवीसीएस समितियों की उपविधियों में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समिति से संबंधित प्रावधान जोड़े जाएंगे। इससे ये समितियां केवल सब्जी उत्पादन एवं विपणन तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि किसानों को विभिन्न वित्तीय, कृषि एवं सामाजिक सेवाएं भी उपलब्ध करा सकेंगी। सभी प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को बैंकों के साथ संबद्ध करने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित