केंद्रपाड़ा , मई 20 -- ओडिशा में केंद्रपाड़ा जिले के बंधासाई गांव में घरेलू विवाद के बाद एक युवक को उसके ससुराल में कथित रूप से बांधकर कई घंटों तक तेज धूप में छोड़ देने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पीड़ित की पहचान महाकालपाड़ा थाना क्षेत्र के अलाइलो गांव निवासी सुदर्शन सेठी के रूप में हुई है। घरेलू विवाद को लेकर उसकी पत्नी पूर्णिमा पिछले कुछ समय से बंधासाई स्थित अपने मायके में रह रही थी।

उन्होंने बताया कि सुदर्शन अपने दो दोस्तों के साथ कथित रूप से नशे की हालत में ससुराल पहुंचा और पत्नी तथा उसके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विवाद बढ़ने पर ससुराल पक्ष तथा कुछ पड़ोसियों ने कथित तौर पर उसकी पिटाई कर हाथ-पैर बांध दिए और उसे भीषण गर्मी में बाहर छोड़ दिया।

वायरल वीडियो में कुछ लोग सुदर्शन के बेहोश हो जाने के बाद उस पर पानी डालते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस जांच में पूर्णिमा ने आरोप लगाया कि सुदर्शन ने शराब के साथ पीले कनेर के बीज खा लिए थे, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।

पीड़ित को पहले पट्टामुंडई उप-मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में हालत बिगड़ने पर एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कटक रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों ने प्रेम संबंध के बाद तीन वर्ष पहले विवाह किया था, लेकिन उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पूर्णिमा हाल ही में सुदर्शन द्वारा कथित मारपीट के बाद मायके लौट आयी थी।

इस बीच सुदर्शन की बहन कंधेई सेठी ने ससुराल पक्ष पर उसके भाई के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पूर्णिमा के परिवार ने भी अपनी ओर से उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

पट्टामुंडई एसडीपीओ सुकांत कुमार पात्रा ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित