बैतूल , जून 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 30 वर्षीय एक महिला की कथित रूप से सलफास का सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और बीमारी के साथ-साथ पारिवारिक विवाद के पहलू की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलापुर निवासी ममता यादव अपने पति संतलाल यादव और बच्चों के साथ चिचोली थाना क्षेत्र के सीपलई गांव स्थित ससुराल गई थी। इसी दौरान उसने कथित रूप से सलफास का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में महिला को गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कर उपचार किया गया, लेकिन सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि ममता पिछले तीन-चार वर्षों से पेट दर्द की समस्या से पीड़ित थी और उसका नागपुर सहित अन्य स्थानों पर उपचार कराया गया था। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही बीमारी और उससे उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात भी सामने आई है। इसी कारण पुलिस बीमारी और पारिवारिक विवाद, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित