मुरैना , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ कस्बे में एक महिला शिक्षिका ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार को परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना रविवार देर रात सबलगढ़ की गायत्री कॉलोनी की है, जहां शिक्षिका स्नेहलता उर्फ पिंकी त्रिवेदी का शव घर की रसोई में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका ग्राम जाबरोल स्थित स्कूल में पदस्थ थी, जबकि उसके पति अनिल त्रिवेदी ग्राम केमरा स्थित स्कूल में प्राचार्य हैं।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे आए दिन प्रताड़ित करते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीने का आदी था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों ने पुलिस से आत्महत्या के कारणों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों तथा परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित