नरसिंहपुर , मई 25 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में ससुराल आए एक युवक की खेत में सिंचाई पाइप बदलने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के बाद्यपोडी गांव में आज सुबह यह घटना हुई। सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र के मेहता गांव निवासी गोविंद गोस्वामी (26) अपनी ससुराल बगासपुर में शादी समारोह में शामिल होने आया था।
बताया गया कि सोमवार सुबह वह अपने साले विष्णुनाथ की मदद के लिए खेत पर गया था। खेत में सिंचाई का पाइप बदलने के दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे गोविंद गोस्वामी करंट की चपेट में आ गया।
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित