सुपौल , मार्च 18 -- बिहार के सुपौल जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मानव तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए पांच लोगों को मुक्त कराया है।

एसएसबी 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बुधवार को बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी की संभावनाओं को देखते हुए सभी सीमा चौकियों एवं चेक पोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सीमा चौकी नरपतपट्टी की विशेष पेट्रोलिंग टीम ने तीन युवतियों एवं दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में रोका। पूछताछ के दौरान सभी व्यक्तियों के नेपाल निवासी होने की पुष्टि हुई। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि एक नेपाली एवं एक भारतीय तस्कर उन्हें रोजगार का झांसा देकर नेपाल से जयपुर ले जा रहे थे।

श्री शर्मा ने बताया कि 45वीं वाहिनी की मानव तस्करी रोधी इकाई की उपस्थिति में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए सभी मुक्त कराये गए लोगों को अग्रिम कार्यवाही के लिये भपटियाही थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित