सुपौल , सितंबर 29 -- िहार में सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र से अपहृत एक युवक को पुलिस ने अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को अपराधियों ने छातापुर थाना क्षेत्र के महदीपुर गांव निवासी मोहम्मद खुर्शीद खान के पुत्र मोहम्मद जिशान खान का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया था।उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस की चार टीमों को विभिन्न ठिकानों पर भेजा गया।

श्री शरथ ने बताया कि सुपौल पुलिस ने अररिया पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ)के सहयोग से जिशान खान को सोमवार देर रात फुलकाहा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, अपहरण के पीछे अवैध कारोबार में लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में सात नामजद और तीन अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध भीमपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित