पटना , जून 28 -- ंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने रविवार को कहा कि सशक्त पंचायत, जागरूक नागरिक एवं सक्रिय ग्राम सभा ही विकसित गांव, विकसित बिहार और विकसित भारत के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। मंत्री दीपक प्रकाश रविवार को प्रथम 'पंचायत विकास दिवस' के अवसर पर अरवल जिले के अरवल प्रखंड अंतर्गत अमरा एवं बेलखारा ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने अमरा पंचायत में कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा दोनों पंचायतों में ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ संवाद कर पंचायतों के समग्र विकास एवं जनभागीदारी पर बल दिया। उन्होंने लोगों से प्रत्येक माह आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं भारतीय लोकतंत्र की सबसे सुदृढ़ आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी प्रभावी एवं सार्थक बनता है जब विकास की योजनाएं जनता की सहभागिता से तैयार हों और उनका क्रियान्वयन भी जनसहयोग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 'पंचायत विकास दिवस' ग्राम सभाओं को अधिक सक्रिय, उत्तरदायी एवं सहभागितापूर्ण बनाने की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंचायती राज संस्थाओं को अधिक सक्षम, पारदर्शी, उत्तरदायी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवनों का सुदृढ़ीकरण, डिजिटल सेवाओं का विस्तार, पंचायत प्रतिनिधियों का क्षमता विकास, तकनीक आधारित अनुश्रवण व्यवस्था तथा ग्राम सभाओं को अधिक प्रभावी बनाने जैसे अनेक प्रयास ग्रामीण स्वशासन को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित