चंडीगढ़ , सितंबर 08 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर्गठित के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह नेपंजाब सरकार पर सवाल पूछने वाले लोगों के साथ कथित तौर पर अत्याचार कर मानवाधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि एक ओर मोहनजीत सिंह कथित पुलिस कार्रवाई के बाद अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि नशे को लेकर सवाल उठाने वाले गुलजार सिंह की कथित रूप से बेइज्जती के बाद मौत हो गयी।

ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने मंगलवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि पंजाब सरकार उन लोगों को निशाना बना रही है, जो सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल में मुख्यमंत्री को दूर से काले झंडे दिखाने के मामले में संगरूर जिले के शेरों निवासी मोहनजीत सिंह के ककारों की कथित बेअदबी की गयी और उन्हें प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण वह अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरह भदौड़ में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से नशे के मुद्दे पर सवाल पूछने वाले गांव तूर बनजारा निवासी गुलजार सिंह को कथित तौर पर इतना अपमानित किया गया कि उसने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित