लखनऊ , जनवरी 23 -- समाजवादी पार्टी (सपा) ने सतुआ बाबा का जिक्र किये बगैर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश में "भाजपा की गुलामी करने वालों" को वीआईपी सुविधा और सुरक्षा मिलती है, जबकि धर्म और जनता की आवाज उठाने वालों को अपमानित कर हिंसा का शिकार बनाया जाता है।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने अपने मीडिया सेल हैंडिल पर पोस्ट करते हुए कहा, "जो मुख्यमंत्री और भाजपा की गुलामी करेगा, वो चार्टर प्लेन से चलेगा, बड़ी-बड़ी करोड़ों की गाड़ियों से चलेगा और उसके दरवाजे पर अफसर रोटियां बेलेंगे। लेकिन जो गौमाता की रक्षा, गंगा मैया की रक्षा और आम आदमी की बात करेगा, उसे हिंदू विरोधी और कालनेमी कहा जाएगा।"गौरतलब है कि प्रयागराज माघ मेले में इस बार सतुआ बाबा अपनी गाड़ियों को लेकर खासे चर्चा में हैं। कभी डिफेंडर तो कभी पोर्शे तो कभी बुलडोजर पर बैठ कर फोटो खिंचाने की तस्वीर ज्यादा वायरल हुई है।
सपा ने प्रयागराज के स्नान पर्व में धर्माचार्यों के साथ हुई कथित घटनाओं को "बेहद शर्मनाक" बताते हुए कहा, "जब सतुआ बाबा और भाजपा के गुलाम बाबाओं का बुलडोजर स्नान स्थल तक जा सकता है, तो सदियों पुरानी परंपरा वाली शंकराचार्य की पालकी क्यों नहीं जाने दी गई। पालकी तो बुलडोजर से छोटी होती है, बुलडोजर से एक्सीडेंट की संभावना होती है, फिर भी प्रशासन ने उसे रास्ता दिया और पालकी रोकी।"पार्टी ने आरोप लगाया, "ये स्पष्ट रूप से शंकराचार्य की हत्या की साजिश थी, जिसे वक्त रहते शंकराचार्य ने पहचान लिया।" पार्टी ने कहा, "भाजपा सरकार में शंकराचार्य से सर्टिफिकेट मांगा जा रहा है, उनके अनुयायियों की चोटी खींचकर मारी जा रही है, गालियां दी जा रही हैं और मंच से मुख्यमंत्री कालनेमी जैसे अपशब्द बोल रहे हैं।"सपा ने कहा, "भाजपा धर्म की ठेकेदार बनती है, लेकिन असल में यही पार्टी सबसे बड़ा भ्रष्ट, अधर्मी और अपराधियों का गिरोह बन चुकी है।" पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा का नया चरित्र यह है कि "जब तक आप इनके भ्रष्टाचार पर चुप रहेंगे तब तक आप अपने हैं, जैसे ही अत्याचार के खिलाफ बोलेंगे, आपको गैर-हिंदू, पाकिस्तानी और राष्ट्रविरोधी घोषित कर देंगे।"पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और धार्मिक परंपराओं के सम्मान की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित