ग्रेटर नोएडा , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा दनकौर थाना क्षेत्र में सवारी के रूप में लोगों को कार में बैठाकर रास्ते में डराने-धमकाने और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने वाले कथित बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार में बंधक बनाए गए दो युवकों को भी सकुशल मुक्त करा लिया।
पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ की जानकारी दी उन्होंने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि कॉलर के भाई को एक कार में सवारी के रूप में बैठाने के बाद बंधक बना लिया गया है और डरा-धमकाकर उससे ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करा लिए गए हैं। सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस और पीआरवी टीम सक्रिय हुई और कॉलर से संपर्क कर घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस टीम और पीआरवी कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त हुंडई आई-20 कार की पहचान की और उसका पीछा शुरू कर दिया। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक अंडरपास के पास कार को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को पुलिस से घिरता देख कार सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की।
आरोपियों ने कार से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इसके बाद पुलिस आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।
घायल आरोपियों की पहचान अभिनय पल्लव (24) पुत्र धनंजय कुमार, निवासी महमदपुर, थाना काको, जहानाबाद, बिहार, तथा सत्यम सिंह (22) पुत्र अरुण कुमार, निवासी शुगर मिल, भउआपुर मस्तान नगर, थाना सिम्भावली, हापुड़ के रूप में हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जांच में पता चला कि कॉलर का भाई हेमेन्द्र पुत्र जगन सिंह दनकौर क्षेत्र में एक निजी विश्वविद्यालय के पास आगरा की ओर जाने वाले टोल के नजदीक राजस्थान के धौलपुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार युवकों ने उसे सवारी के रूप में बैठा लिया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने रास्ते में उसे बंधक बनाकर डराया-धमकाया और उससे ऑनलाइन रुपये ले लिए।
पुलिस ने मौके से कार में बंधक बनाए गए हेमेन्द्र को सकुशल बरामद किया। इसके अलावा पुलिस ने नमन (18) पुत्र राघवेंद्र, निवासी कानपुर नगर को भी मुक्त कराया, जिसे पुलिस के अनुसार जीरो प्वाइंट से पूर्व में इसी तरह कार में बैठाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित