भरतपुर , सितम्बर 05 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के खंडार के छाण कस्बे में पीर बाबा की दरगाह के पास एक हजार फुट ऊंची पहाड़ी चट्टान की चोटी पर लटक कर खतरनाक स्टंट करते हुए चार दोस्तो के साथ बनाई गई रील शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़ी पर रील बनाने वाले एक युवक की पहचान बत्तीलाल सैनी (25) के रूप में हुई है। वह सवाई माधोपुर में होटल व्यवसायी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसके साथ मौजूद बाकी युवकों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल रील में युवक ने दोस्तों को एक हाथ पकड़ाया और पहाड़ी पर लटककर दूसरे हाथ से विजयी चिन्ह बनाया। इसके अलावा युवक ने चट्टान के आखिरी हिस्से पर व्यायाम भी किया। युवकों ने पहाड़ी के आखिरी छोर पर खड़े होकर फोटो-वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए।
पीर बाबा की दरगाह के पास स्थित पहाड़ी की चोटी पर बड़ी चट्टान है। इसका एक हिस्सा पहाड़ से जुड़ा है और बाकी हिस्सा हवा में झूल रहा है। पहाड़ी जमीन से करीब एक हजार फुट ऊंची है। मामला सामने आने के बाद वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि मौके पर चार लोगों के स्टाफ की तैनाती की गई है। मौके पर आने वालों को समझाया जा रहा है। आगामी दिनों में अगर कोई व्यक्ति इस जगह पर रील बनाता नजर आता है तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित