भरतपुर , जून 16 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर में तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद मंगलवार को सुबह आयोजित महोत्सव में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपाल जी मंदिर कुंड से निकली करीब डेढ़ हजार महिलाओं की कलश शोभायात्रा से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा का मुख्य मार्गों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया गया। डीजे पर बज रहे भजनों के बीच श्रद्धालु झूमते नजर आये।
श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह और नव कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर निकाली गयी शोभायात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत भी शामिल हुए। मुख्य बाजार में अखाड़ा लगाकर साधु-संतों ने तलवारबाजी सहित कई पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया।
महोत्सव के तहत निकली कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्ग से होते हुए तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। कल 17 जून से 24 जून तक प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही नव कुण्डीय महायज्ञ भी होगा। हर शाम बृज से आए कलाकारों द्वारा रासलीला का मंचन किया जाएगा। महोत्सव का समापन 24 जून को भंडारे के साथ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित