जयपुर , अगस्त 31 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को रेलवे पुलिस थाना सवाईमाधोपुर की लाखेरी पुलिस चौकी में पदस्थापित आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को एक मामले में 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया ।

ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सवाईमाधोपुर को परिवादी ने शिकायत की कि उससे रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी में रेलवे सामानों की हुई चोरी के प्रकरण में मुल्जिम नहीं बनाने का दबाव बनाकर एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा है।

श्री गुप्ता ने बताया कि गत 25 अगस्त को रिश्वत की मांग का गोपनीय सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान श्री कुरेशी द्वारा परिवादी की तारीख पेशी के दौरान रेलवे स्टेशन सवाईमाधोपुर पर रेलवे सामानों की हुई चोरी के प्रकरण में परिवादी को मुल्जिम नहीं बनाने की एवज में रिश्वत राशि की मांग की गयी। परिवादी के निवेदन पर आरोपी पहले 80 हजार रुपये तथा पुनः निवेदन करने पर 70 हजार रिश्वत राशि लेने पर राजी हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित