जयपुर , फरवरी 23 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ( एसीबी)ने सोमवार को सवाईमाधोपुर जिले में खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (उपखण्ड गंगापुर सिटी) डाॅ बत्तीलाल 25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी सवाईमाधोपुर को शिकायत की थी कि उससे व्यवस्थार्थ पदस्थापन स्थान से मूल पदस्थापन स्थान पर लगाने की एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
इस पर सत्यापन के दौरान परिवादी से पांच हजार रुपए ले लिए गये। इसके बाद ब्यूरो टीम ने डॉ बत्तीलाल को परिवादी से 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन एवं महानिरीक्षक राजेश सिंह के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित