बैतूल , मई 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला नगर में एक महिला की कथित रूप से सल्फास सेवन करने से मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और आर्थिक तंगी को घटना के संभावित कारणों के रूप में देख रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान आमला के वार्ड क्रमांक-1 निवासी नीलू नागले (30), पत्नी विजय नागले, के रूप में हुई है। शनिवार रात महिला ने अपने घर में जहरीले पदार्थ सल्फास का सेवन कर लिया। देर रात तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर आमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी के दौरान महिला के सिरहाने से सल्फास की डिब्बी बरामद की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया।

आमला थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि मृतका घरों में बर्तन मांजने का काम करती थी और काम के कारण अक्सर देर से घर लौटती थी, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना वाली रात वह लगभग साढ़े 12 बजे अपने पति के पास से बच्चों को लेने पहुंची थी। इसके कुछ समय बाद सल्फास सेवन की जानकारी सामने आई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित