जयपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में सलूम्बर जिले के दो गांवों में रहस्यमयी बीमारी से पांच बच्चों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम गठित कर गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को वस्तुस्थिति पर नजर रखने एवं प्रभावित क्षेत्रों में बुखार के लक्षण वाले बच्चों की सघन स्क्रीनिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सलूम्बर में बच्चों की मौत का मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तत्काल अधिकारियों को वस्तुस्थिति पता करने, मौत के कारणों का पता लगाने तथा इस बीमारी की रोकथाम के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम गठित कर बीमारी से प्रभावित गांवों में भेजी है, जो बच्चों की मौत का कारण पता लगाने के साथ ही बीमारी से बचाव के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर रही है। साथ ही, स्वास्थ्य निदेशालय, जयपुर से भी एक टीम भेजी गई है।
मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने भी सोमवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मामले की पूरी जानकारी ली और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा अन्य अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित