नयी दिल्ली , जून 04 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित कथित मादक पदार्थ तस्करी सिंडिकेट (गिरोह) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुंबई, सूरत, अंकलेश्वर और राजकोट में 21 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।

जांच एजेंसी ने गुरुवार को बताया कि यह सिंडिकेट सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों द्वारा संचालित किया जा रहा था। छापेमारी में प्रीकर्सर केमिकल आपूर्तिकर्ताओं, रासायनिक व्यापारियों, सिंथेटिक मादक पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) के निर्माताओं एवं वितरकों, हवाला संचालकों तथा सिंडिकेट की अवैध कमाई से खरीदी गयी कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े व्यक्तियों को निशाना बनाया गया।

ईडी ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों की अवैध आपूर्ति शृंखला और उससे जुड़े धनशोधन नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ियों को तोड़ना तथा सिंडिकेट की वित्तीय और परिचालन क्षमता को कमजोर करना था।

तलाशी अभियान के दौरान लगभग 1.33 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोने की ईंटें और बैंक खातों में जमा राशि जब्त अथवा फ्रीज की गयी। इसके अलावा 2,200 अमेरिकी डॉलर की विदेशी मुद्रा भी बरामद की गयी।

जांच एजेंसी ने भारत और दुबई में स्थित कई करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किये हैं। एजेंसी का आरोप है कि इन संपत्तियों में निवेश मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय के माध्यम से किया गया था।

ईडी ने बताया कि यह जांच मुंबई की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा सलीम डोला और अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई थी। ये मामले मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित