बेंगलुरु , अगस्त 14 -- कांग्रेस उम्मीदवार सलीम अहमद शुक्रवार को कर्नाटक विधान परिषद के अध्यक्ष चुने गये।
श्री अहमद को 38 वोट मिले जबकि विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार को 30 मत मिले।
सदन में दिन की कार्यवाही की शुरुआत में अंतरिम अध्यक्ष पुट्टन्ना ने चुनाव कराया। नतीजे घोषित होने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने श्री अहमद को उनकी कुर्सी तक पहुँचाया और उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि पीठासीन अधिकारी को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए।
सत्ता पक्ष के नेता यतींद्र सिद्धारमैया ने श्री अहमद को बधाई दी और कहा कि वे छात्र जीवन से ही कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और पार्टी की ओर से सौंपी गयी विभिन्न ज़िम्मेदारियों को निभाते हुए आगे बढ़े हैं।
विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलावदी नारायणस्वामी ने कहा कि श्री अहमद के साथ उनकी व्यक्तिगत दोस्ती चार दशक पुरानी है, भले ही वे अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े हों। उन्होंने नये अध्यक्ष से धर्मनिरपेक्ष और निष्पक्ष तरीके से काम करने और सदन की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया।उन्होंने हालांकि कांग्रेस पार्टी के शीर्षपत्र पर श्री अहमद की उम्मीदवारी प्रस्तावित करने के तरीके की आलोचना की और इसे "माफ़ न करने योग्य" बताया। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष बसवराज होरट्टी के इस्तीफ़े की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि उच्च सदन के एक वरिष्ठ सदस्य पर इस्तीफ़ा देने के लिए दबाव नहीं डाला जाना चाहिए था।
इस बीच, कार्यवाही के दौरान जद(एस) के भीतर मतभेद भी सामने आये। पार्टी के एमएलसी शरणगौड़ा कंडाकुर ने चुनाव के दौरान कुछ जद (एस) सदस्यों की मौजूदगी को लेकर विधायक दल के नेता सुरेश बाबू से सार्वजनिक रूप से सवाल किया। उन्होंने चुनाव का बहिष्कार करने के पार्टी के फ़ैसले के बारे में जानकारी न दिये जाने पर नाराज़गी जतायी और मांग की कि विधायक दल के नेता सभी सदस्यों को ठीक से सूचित करें और ज़िम्मेदारी लें।
खबरों के अनुसार श्री सुरेश बाबू ने कहा कि सदस्यों को एसएमएस भेजा गया था। श्री कंडाकुर ने सवाल किया कि सदस्यों से सीधे संपर्क क्यों नहीं किया गया और बेहतर तालमेल की मांग की। बाद में अन्य विधायकों ने हस्तक्षेप किया और दोनों नेताओं को शांत कराया।
यह चुनाव विधान परिषद के अध्यक्ष श्री होरट्टी के इस्तीफ़े के बाद हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित