मुंबई , जुलाई 23 -- बॉलीवुड स्टार सलमान खान और आलिया भट्ट ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए निष्पक्ष शिक्षा प्रणाली की मांग की है।

श्री खान ने सोशल मीडिया पर अपनी युवावस्था की एक ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर के साथ एक संदेश साझा करते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन के हिंसक रूप लेने से उन्हें दुख होने की बात बताई है। उन्होंने प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के प्रति चिंता व्यक्त की। उन्होंने लिखा, "मेरा दिल उन छात्रों और उनके परिवारों के साथ है जिन्हें चोट पहुंची है। पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है और मुझे यह जानकर और देखकर खुशी हो रही है कि हमारे देश के बच्चे एक बेहतर शिक्षा प्रणाली के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने उनका समर्थन किया है।"उन्होंने लिखा, "मैं वास्तव में उनके रुख की सराहना करता हूं, जिसमें उन्होंने समर्पण, ईमानदारी और कड़ी मेहनत करके अपना भविष्य बनाने और एक महान, शिक्षित भारत बनाने की इच्छा दिखाई है। यह आंदोलन, यह विरोध सही तरीका है और छात्रों ने इसे शांतिपूर्ण ढंग से किया है। बहुत साहसी और बहादुर। शिक्षा के प्रति प्रेरित और उत्साहित यह पीढ़ी भारत को गौरवान्वित करेगी।" अभिनेता ने छात्रों और शिक्षा प्रणाली के बीच के मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक नहीं किया जाना चाहिए। इसका श्रेय केवल देश के छात्रों को ही मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार के शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए छात्रों के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद जताई।

उन्होंने कहा, "शिक्षा अगला ट्रेंड और फैशन होना चाहिए और इसे साल-दर-साल और अधिक ट्रेंडी और फैशनेबल बनना चाहिए।" उन्होंने भारत को शिक्षा के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में उभरते हुए देखने की अपनी इच्छा भी व्यक्त की, जो दुनियाभर के छात्रों को आकर्षित करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित