जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान में जयपुर जिला विवाद प्रतितोष उपभोक्ता आयोग ने पान मसाला के कथित भ्रामक प्रचार-प्रसार और अवमानना से जुड़े मामले में अभिनेता सलमान खान के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है।
आयोग के अध्यक्ष जीएल मीणा एवं सदस्यों की पीठ ने यह आदेश पारित किया।
आयोग ने पुलिस महानिदेशक/आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि एक विशेष टास्क फोर्स गठित करके वारंट की तामील सुनिश्चित कराई जाए। आयोग ने यह भी आदेश दिया है कि गठित विशेष टास्क फोर्स व्यक्तिगत रूप से मुंबई जाकर तीसरे जमानती वारंट की तामील कराए। मामले की अगली सुनवाई छह अप्रैल को निर्धारित की गई है।
यह मामला परिवादी योगेन्द्र सिंह द्वारा दायर अर्जी से जुड़ा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि प्रतिबंध के बावजूद पान मसाला का प्रचार-प्रसार जारी रखा गया और आमजन के साथ भ्रामक तरीके से धोखाधड़ी की गई। अर्जी में यह भी उल्लेख किया गया है कि पांच और 20 रुपए के पाउच में चार लाख रुपए प्रति किलो कीमत वाली केसर मिलाना व्यवहारिक रूप से असंभव है, जिससे उत्पाद के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित