भरतपुर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान के भरतपुर में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग- 21 के शहर से सटे सारस चौराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों के मद्देनजर कलेक्टर कमर चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ चौराहे का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर आगरा की ओर बनाए गए कट से करीब 100 मीटर पहले गति सीमा एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्र के चेतावनी बोर्ड लगाने, प्रत्येक 50 मीटर की दूरी पर गति सीमा के संकेत अंकित करवाने के साथ थर्माेप्लास्टिक पेंट से सड़क पर स्पष्ट चिह्नांकन कराने, चौराहे पर रेड लाइट के दोनों ओर जेब्रा लाइन एवं सफेद पट्टियां बनवाने के साथ ही यातायात व्यवस्थाओं की प्रत्येक दो महीने में समीक्षा करने के निर्देश दिए।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से आग्रह किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत कट का उपयोग नहीं करें और निर्धारित मार्गों एवं सड़क से ही शहर में प्रवेश और निकास करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित