हरिद्वार , जनवरी 19 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इसके रोकथाम के लिए जिलास्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।
जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सर्वाइकल कैंसर से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ रहा है। यह गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) से संबंधित कैंसर है, जिसकी रोकथाम के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा वैक्सीन विकसित की गई है। यह वैक्सीन 14 वर्ष तक की बालिकाओं को अनिवार्य रूप से लगाई जानी है, जो निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 22,471 बालिकाओं को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परिवार कल्याण विभाग, केन्द्र सरकार द्वारा शीघ्र ही टीकाकरण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। टीकाकरण को सफल बनाने के लिए बाल विकास, समाज कल्याण, शिक्षा, श्रम, पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन विभागों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित