बैतूल , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन लेने पहुंच रहे हितग्राहियों को सर्वर की समस्या के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले की 650 से अधिक राशन दुकानों पर अगस्त की शुरुआत से पीओएस मशीनों के सुचारू रूप से काम नहीं करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सर्वर उपलब्ध नहीं होने के कारण कई हितग्राहियों को घंटों इंतजार के बाद भी राशन नहीं मिल पा रहा है।

राशन दुकानों पर पीओएस मशीन के माध्यम से हितग्राहियों की पहचान की जाती है। इसके लिए अंगूठे का निशान अथवा आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी से सत्यापन किया जाता है। सर्वर उपलब्ध नहीं होने पर पूरी प्रक्रिया रुक जाती है और राशन वितरण नहीं हो पाता।

अगस्त में हितग्राहियों को अगस्त और सितंबर माह का राशन एक साथ दिया जा रहा है। वहीं संबंधित माह में ही राशन लेना अनिवार्य किए जाने के कारण बड़ी संख्या में लोग राशन दुकानों पर पहुंच रहे हैं। इससे सर्वर पर दबाव बढ़ने के कारण समस्या और गंभीर हो गई है।

कई दुकानों पर हितग्राही सुबह से कतार में लग रहे हैं। सर्वर कुछ समय के लिए शुरू होने के बाद दोबारा बंद हो जाता है। ऐसे में लोगों को कई घंटे और कभी-कभी पूरा दिन इंतजार करना पड़ रहा है। काम-धंधा छोड़कर राशन लेने पहुंचे लोगों में राशन नहीं मिलने से नाराजगी है।

अगस्त में रक्षाबंधन सहित कई त्योहार होने के कारण लोग समय पर राशन लेना चाहते हैं। हितग्राहियों का कहना है कि समय पर राशन मिलने से त्योहार की तैयारियों को लेकर चिंता कम होगी, लेकिन सर्वर की समस्या के कारण कई परिवारों के सामने राशन मिलने को लेकर असमंजस बना हुआ है।

लगातार राशन के लिए चक्कर लगाने के बावजूद राशन नहीं मिलने से कई जगह हितग्राहियों और दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति भी बन रही है। दुकानदारों का कहना है कि सर्वर उनके नियंत्रण में नहीं है, लेकिन नाराजगी का सामना उन्हें ही करना पड़ रहा है।

जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने बताया कि दो माह का राशन एक साथ मिलने के कारण प्रदेशभर में बड़ी संख्या में हितग्राही एक साथ राशन लेने पहुंच रहे हैं। इससे सर्वर पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में ऐसी स्थिति बनी हुई है और जल्द सुधार होने की संभावना है। सभी हितग्राहियों को राशन मिलेगा, इसलिए उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित