नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- बजट सत्र के शुरू होने से पहले मंगलवार को सर्वदलीय बैठक हुयी, जिसमें दोनों सदनों के विधायी कार्यों और अन्य विषयों को लेकर चर्चा की गयी।

सर्वदलीय बैठक में सत्तारूढ़ दल की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल शामिल हुये। विपक्ष की ओर से कांग्रेस के जयराम रमेश, कोडिकुनिल सुरेश, तृणमूल कांग्रेस की सागरिका घोष, समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव, द्रमुक के टी आर बालू, शिवसेना उद्धव गुट के अरविंद सांवत समेत कई अन्य दलों के नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया।

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर दो अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र का पहला चरण लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। संसदीय परिपाटी के मुताबिक इस बार भी बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा, हालांकि एक फरवरी रविवार को है।

बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जिसमें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा होगी और उसे पारित किया जाएगा और बजट पर भी चर्चा होगी। इसके बाद सदन की बैठक दोबारा नौ मार्च को शुरू होगी और दो अप्रैल तक चलेगी। इस सत्र में कुल 30 बैठकें होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित