शाहजहांपुर , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना तिलहर क्षेत्र पुलिस ने सर्राफा व्यापारी को मादक पदार्थ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कथित रूप से उनके परिजनों से दो लाख रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने दो सिपाहियों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने रविवार को बताया कि 04 सितंबर की रात थाना तिलहर में तैनात चार पुलिसकर्मियों ने व्यापारी सुंदरम क्षत्रिय से मोबाइल फोन पर संपर्क किया और उसे परशुरामपुरी क्षेत्र के सरैया मोड़ पर बुलाया। वहां सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मी उसे मोटरसाइकिल समेत भटादेवर रोड की ओर ले गये और राजभोज होटल से आगे एक सुनसान स्थान पर उसकी तलाशी ली।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि उसकी मोटर साइकिल में एक पॉलिथीन रखकर उसे मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में बिरियागंज पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ ही झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई।
इसके बाद उसके पिता और परिजनों से दो लाख रुपये की मांग की गई। परिजनों द्वारा दो लाख रूपये देने पर पुलिस कर्मियों ने सुन्दरम क्षत्रिय को रात में छोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया तथा क्षेत्राधिकारी तिलहर और क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी द्वारा जांच की गई। जांच के बाद चारों पुलिस कर्मियों के खिलाफ व्यापारी की तहरीर पर थाना परशुरामपुरी में धारा 308(7), 127(7), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7/13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा दो पुलिस कर्मी वीरेंद्र और पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों सिपाही वर्ष 2021 बैच के हैं और थाना तिलहर में तैनात थे।
श्री देवेन्द्र कुमार ने बताया कि सिपाही अरुण चित्तौड़िया और सिपाही तुषार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। चारों पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। घटना में शामिल बताए जा रहे एक अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी द्वारा की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित