भरतपुर , अप्रैल 01 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी योगेंद्र चोपड़ा की लूट और निर्मम हत्या के बाद कस्बे में व्याप्त शोक एवं आक्रोश को देखते हुए स्थानीय लड्डू हनुमान मंदिर में होने वाले आगामी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो अप्रैल को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विशाल भंडारे और प्रसादी वितरण कार्यक्रम को लेकर मंदिर के महंत आचार्य देवकी नंदन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन आयोजनों को अगले आदेश तक टालने का निर्णय मानवीय दृष्टिकोण से उचित है।
महंत ने इस संवेदनशील समय में क्षेत्रवासियों से शांति और संयम बरतने का अनुरोध करते हुए कहा कि जब पूरा शहर इस दुखद घटना से आहत है, ऐसे में भव्य धार्मिक उत्सव मनाना उचित नहीं है। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया है ताकि कस्बे की भाईचारे की परंपरा मजबूत बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित