मुरैना , मई 06 -- मध्यप्रदेश में मुरैना के सर्राफा बाजार में बढ़ती चोरी और छीना-झपटी की घटनाओं को देखते हुए सर्राफा एसोसिएशन ने नया निर्णय लिया है। अब चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों को ज्वेलर्स की दुकानों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंघल ने बताया कि हाल के दिनों में सर्राफा बाजार और ज्वेलरी दुकानों में चोरी की वारदातें बढ़ी हैं, जिससे व्यापारियों में चिंता बढ़ी है। सुरक्षा को मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब दुकान में प्रवेश करने से पहले ग्राहकों को अपना चेहरा स्पष्ट दिखाना अनिवार्य होगा। मास्क, गमछा या बुर्का पहनकर आने वाले ग्राहकों को अंदर जाने से पहले चेहरा दिखाना होगा, ताकि सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान साफ तौर पर दर्ज हो सके। एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों से इस नियम का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके और अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित