रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम की कर्मचारी बनकर सर्राफा कारोबारी से 1.88 करोड़ रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है जबकि उसकी सहयोगी योगिता फरार है। पुलिस पूछताछ में दोनों द्वारा करीब 12 लोगों को ठगी का शिकार बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपी महिला को पुलिस रिमांड पर लेकर जेवरों की बरामदगी और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सरोरा निवासी किरण साहू (28) गृहिणी है और उसका पति गोपाल साहू ड्राइवर है। वह सरोरा, गोगांव और गुढ़ियारी क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी रहती थी। नेताओं के बंगलों तथा रायपुर और बीरगांव नगर निगम के कार्यालयों में उसकी आवाजाही थी। इसी का फायदा उठाकर वह स्वयं को नगर निगम के आवास विभाग का कर्मचारी बताती थी और लोगों को सस्ते दामों पर हाउसिंग बोर्ड के मकान दिलाने का भरोसा देती थी।

जांच में सामने आया है कि किरण ने सदर बाजार स्थित रिखब बरडिया की विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान को भी ठगी का निशाना बनाया। वह 24 अगस्त को दुकान पहुंची और 37 लाख रुपए का सोना खरीदा। भुगतान के एवज में उसने 250 ग्राम सोने का बिस्किट और सात लाख रुपए नकद दिए, जबकि शेष 15 लाख रुपए के लिए चेक सौंपा। इस लेनदेन के जरिए उसने कारोबारी का विश्वास हासिल किया।

इसके दो दिन बाद 26 अगस्त को किरण अपनी सहयोगी योगिता के साथ दोबारा दुकान पहुंची। इस बार दोनों बड़ी मात्रा में सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर चली गईं। भुगतान के लिए 15 लाख और 1.73 करोड़ रुपए के दो चेक दिए गए। साथ ही शेष राशि के बदले सोने के बिस्किट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

इस बीच एक सितंबर को 15 लाख रुपए का चेक गलत हस्ताक्षर के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद कारोबारी को धोखाधड़ी की आशंका हुई और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू होने के बाद पुलिस ने किरण साहू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला लोगों को भरोसे में लेने के लिए नगर निगम कार्यालयों में बुलाकर उनसे मुलाकात करती थी। कार्यालयों में उसकी मौजूदगी और अधिकारियों तथा नेताओं से परिचय का हवाला देने के कारण लोग उसे निगम कर्मचारी समझने लगे थे। उसकी सहयोगी योगिता भी इन गतिविधियों में उसके साथ रहती थी।

आरोप है कि किरण ने गुढ़ियारी क्षेत्र के दो लोगों को फ्लैट दिलाने का झांसा देकर कुल 40.50 लाख रुपए हासिल किए। उसकी गिरफ्तारी के बाद गुढ़ियारी में 31.50 लाख और नौ लाख रुपए की धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अन्य थानों में भी उसके विरुद्ध शिकायतें पहुंची हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने सराफा कारोबारियों से आभूषण हासिल करने के बाद उन्हें दूसरी दुकानों में गिरवी रखकर और सोना प्राप्त करने का तरीका अपनाया था। इस तरह बिना स्वयं की पूंजी लगाए करीब 1.83 करोड़ का सोना जुटाने की बात जांच में सामने आई है।

जांच में यह जानकारी भी मिली है कि किरण कथित रूप से ठगी के सोने को बेचकर आलीशान मकान खरीदने की तैयारी कर रही थी। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला से अपेक्षित जानकारी नहीं मिलने के कारण पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित