रायबरेली , सितम्बर 28 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली में के बछरावां थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई लूट का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार और लूटे गए करीब 650 ग्राम सफेद धातु तथा 11 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार से आज सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को बछरावां थाना क्षेत्र में डायल-112 के माध्यम से लूट की सूचना मिली थी। ओमनगर थाना बछरावां निवासी पीड़ित ऋषि कुमार सोनी ने बताया था कि वह शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम असहन जगतपुर में ज्वेलरी की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जिलेदार गेस्ट हाउस से करीब 500 मीटर आगे सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार सवार पांच-छह अज्ञात लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने सिर पर डंडे से प्रहार कर उनका बैग छीन लिया था। बैग में करीब 650 ग्राम सफेद धातु और 11 ग्राम पीली धातु के आभूषण बताए गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बछरावां पुलिस व एसओजी सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ शर्मा पुत्र रामसागर शर्मा, आयुष कुमार गौड़ उर्फ अंशुमान पुत्र राजन गौड़ उर्फ अयोध्या प्रसाद गौड़, कृष्ण कुमार यादव पुत्र पवन कुमार यादव, अभय रस्तोगी उर्फ हर्ष रस्तोगी पुत्र श्रवण कुमार, राजनायक यादव पुत्र विरेंद्र यादव तथा ओम सिंह उर्फ शुभम सिंह पुत्र मनोज सिंह के रूप में हुई है। यह सभी वर्तमान में सुशांत गोल्फ सिटी लखनऊ में किराए पर निवासी बताए गए है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को लूट में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार के साथ थाना क्षेत्र के जिलेदार गेस्ट हाउस से करीब 100 मीटर आगे शिवगढ़ रोड से गिरफ्तार किया गया। यह सभी कम उम्र के युवा बताए गए हैं जिनमे सबसे ज्यादा उम्र का आरोपी महज 24 वर्ष का है।
आरोपी सौरभ शर्मा ने पूछताछ में बताया कि वह लखनऊ में रह कर बीएससी ओटीटी का कोर्स कर रहा है और अपना खर्च ओला कैब में कार व टैक्सी चला कर करता है उसको 50 हज़ार रुपये की आवश्यकता थी इसलिए उसने अपने अन्य संगी साथियों को मिला कर सर्राफा व्यापारी को लूट की योजना बनाई। सर्राफा व्यापारियों की जांच इन्होंने गूगल मैप के जरिए की और फिर पीड़ित को लूटने के लिए सहमत होकर उसकी रेकी भी की। बीते शनिवार को इन आरोपियों ने पीड़ित सर्राफा कारोबारी को बछरांवा इलाके के तिलेण्ड जिलेदार गेस्ट हाउस के पास उसके ऊपर डंडे से प्रहार कर घायल किया और उसका बैग जो कथित रूप से आभूषणों से भरा था छीन कर फरार होगये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित