बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित झारकुंड गांव में घर के अंदर सो रही 12 वर्षीय बालिका की सर्पदंश से मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आसमानी संजू परते (12) के रूप में हुई है। गुरुवार रात वह अपनी मां के साथ घर में जमीन पर सो रही थी, जबकि उसके पिता पास में खाट पर सो रहे थे। रात में बालिका ने परिजनों को बताया कि उसके हाथ की उंगली में किसी कीड़े के काटने जैसा दर्द हो रहा है।
बालिका की आवाज सुनकर परिजनों ने आसपास देखा तो वहां एक सांप दिखाई दिया। परिजनों ने सांप को मार दिया और बालिका के हाथ की उंगली पर सर्पदंश के निशान मिलने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने बालिका का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और देर रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल पुलिस चौकी ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित