गढ़चिरोली/मुंबई , अगस्त 11 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने गढ़चिरोली जिले के एक सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय आश्रम स्कूल में सर्पदंश से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत की घटना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने का आदेश दिया है।

गौरतलब है कि यह घटना गत रविवार रात (9 अगस्त) जिले की धानोरा तालुका के जपतलाई गांव स्थित आवासीय आश्रम स्कूल के छात्रावास में हुयी थी। इस घटना में फर्श पर सो रही छात्राओं को एक जहरीले सांप ने डस लिया था। इस हादसे में तीन छात्राओं की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने न केवल स्कूल की मान्यता रद्द करने का निर्देश दिया, बल्कि छात्रों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को भी कहा है। इसके साथ ही उन्होंने पूरी घटना की विस्तृत उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित