भरतपुर , जुलाई 28 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना में रुदावल में क्रेशर संयंत्र पर मजदूर दंपती को जहरीले कॉमन करैत सांप द्वारा डसने के बाद उन्हें बयाना उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां समय पर उपचार मिलने से दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चिकित्सा सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मध्यप्रदेश के गुना निवासी माखनलाल बंजारा (35) और उनकी पत्नी सविता (30) गुर्जर बलाई स्थित क्रेशर संयंत्र परिसर में बनी झोपड़ी में सो रहे थे तभी सोमवार देर रात झोंपड़ी में घुसे सांप ने उन्हें डस लिया।

सांप के काटने का एहसास होने पर दंपती की नींद खुल गई। उन्होंने बिस्तर पर सांप को देखा और शोर मचाकर पास की झोपड़ियों में रह रहे साथी मजदूरों को जगाया। साथी मजदूरों और क्रेशर संयंत्र संचालक की सतर्कता से दोनों को तत्काल बयाना उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उनका तत्काल उपचार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित