तिरुवनंतपुरम , फरवरी 20 -- केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, वंदनम में गर्भाशय की सर्जरी (हिस्टेरेक्टॉमी) के सालों बाद एक महिला के पेट में कैंची मिलने की जांच के आदेश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि मरीज उषा जोसेफ ने मई 2021 में सर्जरी करवाई थी लेकिन उन्हें लगातार पेट दर्द और पेशाब से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

यह मामला उस समय सामने आया जब उनकी एक्स-रे जांच हुई जिसमें उनके पेट के अंदर मेटल की एक चीज मिली, जिसकी पहचान बाद में 2021 की सर्जरी के दौरान छोड़ी गई सर्जिकल कैंची के रूप में हुई।

मंत्री जॉर्ज ने कहा, "जब यह खबर मेरे संज्ञान में आई, तो मैंने तुरंत प्रारंभिक जांच के आदेश दिए। उसके आधार पर तिरुवनंतपुरम में चिकित्सा शिक्षा निदेशालय (डीएमई) को प्रारंभिक रिपोर्ट मिल गई है।"मंत्री जॉर्ज ने मामले को 'बहुत पीड़ादायक' बताया और कहा कि 'प्रारंभिक नतीजों के आधार पर' उन्होंने डीएमई को विस्तृत जांच करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक कमिटी बनाने का निर्देश दिया है।

श्रीमती जॉर्ज ने कहा, "इसके अनुसार तिरुवनंतपुरम में डीएमई और कोट्टायम से डॉक्टरों की एक टीम अलप्पुझा मेडिकल कॉलेज भेजी गई है। उन्हें आज ही जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है। उस रिपोर्ट के आधार पर बिना किसी नरमी के सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"उन्होंने कहा, "उस रिपोर्ट के आधार पर सभी जरूरी कानूनी कदम उठाये जायेंगे।" उसके नतीजे पुलिस के साथ भी साझा किए जाएंगे और अस्पताल के उन कर्मचारियों को निलंबित किया जा सकता है, जो अभी भी कार्यरत हैं। मंत्री ने कहा, "यह रिपोर्ट पुलिस को भी सौंपी जाएगी क्योंकि यह घटना कई साल पहले हुई थी, इसलिए कुछ ऐसे पहलू हैं जिनकी पुलिस जांच की जरूरत है और आगे की कार्रवाई भी उसी अनुसार की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित